Breaking News

शाहजहाँपुर: ई-रिक्शा चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश


शाहजहाँपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चोरी किया गया ई-रिक्शा, दो बैटरियां तथा नकदी बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने उसका ई-रिक्शा (रजिस्ट्रेशन संख्या UP 27 CT 3556) चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में थाना सदर बाजार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पंचवटी शिव मंदिर के सामने तिराहे से चार युवकों को चोरी की दो ई-रिक्शा बैटरियों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने ई-रिक्शा चोरी की घटना स्वीकार करते हुए उनकी निशानदेही पर कैंट क्षेत्र के जंगल से चोरी किया गया ई-रिक्शा भी बरामद करा दिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की वृद्धि करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र बलवंत, पुनीत सक्सैना पुत्र रामबहादुर, रोहित कुमार पुत्र महेश वर्मा तथा आदेश पुत्र रामसेवक, निवासी ग्राम चिनौर, थाना सदर बाजार, जनपद शाहजहाँपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा, ईस्टमैन कंपनी की दो बैटरियां तथा अलग-अलग आरोपियों से कुल 1,220 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए ई-रिक्शे की बैटरियां बेचकर रुपये आपस में बांट चुके थे तथा शेष बैटरियां बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल मोनू, आरक्षी भूपेंद्र कुमार, आरक्षी अविमन्यु सिंह एवं आरक्षी विकी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments