Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 4 बिखरते परिवार फिर हुए एक, 28 मामलों की हुई सुनवाई

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में वैवाहिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई आयोजित की गई। परामर्श केंद्र में कुल 28 प्रकरणों की सुनवाई की गई, जिनमें आपसी सहमति और समझाइश के बाद 4 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया और उन्हें साथ रहने के लिए सकुशल विदा किया गया।

चार परिवारों में फिर लौटी खुशियां

परामर्श केंद्र में थाना रोजा, सदर बाजार, मदनापुर और तिलहर क्षेत्र के दंपतियों के मामलों की सुनवाई हुई। अधिकांश मामलों में पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट, पत्नी को खर्च न देना तथा पारिवारिक विवाद प्रमुख कारण रहे।

परामर्श के दौरान दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी गई और उन्हें वैवाहिक जीवन में आपसी विश्वास, सम्मान एवं जिम्मेदारियों का महत्व समझाया गया। इसके बाद सभी चारों दंपतियों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

पुलिस की पहल से सुलझ रहे पारिवारिक विवाद

परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायालयी प्रक्रिया से पहले आपसी संवाद और समझाइश के माध्यम से वैवाहिक संबंधों को बचाना तथा परिवारों को टूटने से रोकना है।

इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक श्रीमती मधु यादव, महिला परामर्शदाता श्रीमती शशि प्रभा कौशल, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, नेहा चौहान, शीतल चौहान, निशा मिश्रा, रश्मि चौधरी, पिंकी तथा आरक्षी रिंकू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments