ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। भारत-नेपाल सीमा से आवागमन करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नेपाल सरकार ने बड़ा राहतभरा फैसला लिया है। अब भारतीय वाहन नेपाल सीमा के भीतर 9 किलोमीटर तक बिना भंसार (कस्टम शुल्क) के प्रवेश कर सकेंगे। इसके लिए वाहन चालकों को केवल सुविधा पास (सुविधा भंसार) बनवाना होगा।
सनातन जागृति मंच के संयोजक एवं व्यापारी दिलीप कुमार गुप्ता ने नेपाल सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यदि कोई भारतीय वाहन सूर्योदय के बाद नेपाल में प्रवेश कर उसी दिन सूर्यास्त से पहले भारत लौट आता है, तो उससे किसी प्रकार का अतिरिक्त भंसार शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि 9 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर पूर्व निर्धारित भंसार शुल्क लागू रहेगा।
नेपाल सरकार ने लंबे समय से बंद पड़े 18 छोटे भंसार कार्यालयों को भी दोबारा संचालित कर उन्हें डिजिटल प्रणाली से जोड़ दिया है। इससे बढ़नी, खुनुवा सहित अन्य सीमावर्ती मार्गों से आने-जाने वाले लोगों को अधिक पारदर्शी और सरल सुविधा उपलब्ध होगी।
कृष्णानगर भंसार कार्यालय के उप-प्रमुख मयंक कुमार कर्ण के अनुसार, सुविधा पास के आधार पर भारतीय वाहन चालक 9 किलोमीटर तक उसी दिन निशुल्क यात्रा कर वापस लौट सकते हैं, जिससे सीमा पार आवागमन और अधिक सुगम होगा।
नेपाल के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। कमल जंग सिंह ठाकुरी (अध्यक्ष, लमही व्यापार संघ), नरेश श्रेष्ठ (उपाध्यक्ष, घोराही व्यापार संघ) एवं सूरज खड़का (अध्यक्ष, भालुबांग व्यापार संघ) ने कहा कि इस व्यवस्था से भारत-नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और धार्मिक आवागमन को नई गति मिलेगी तथा दोनों देशों के मैत्री संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लुंबिनी सहित नेपाल के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी और भारत-नेपाल के वर्षों पुराने "रोटी-बेटी" के रिश्ते और अधिक सुदृढ़ होंगे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments