Breaking News

तुलसीपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, डीएम व एसपी ने सुनीं जन शिकायतें

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील तुलसीपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका स्थायी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, पंचायत, कृषि सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक हो, उनमें दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।

डीएम ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पेंशन, आवास, विद्युत, पेयजल एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें और तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करें।

पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए आवासीय भूमि के पट्टे

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम शीतलापुर देहात की साधना पत्नी बृजेश, सुमन देवी पत्नी मुकेश कुमार, रीनू देवी पत्नी जग्गू तथा विद्या देवी पत्नी गिनतीराम को आवासीय भूमि के पट्टे वितरित किए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को भूमि एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

एसपी ने दिए निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाए तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

समाधान दिवस के अंत में विभागवार शिकायतों की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तुलसीपुर, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments