Breaking News

पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर किया निरीक्षण, अनुशासन व जनसेवा पर दिया जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ग्रहण कर पुलिस बल का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की अनुशासनात्मक व्यवस्था, प्रशिक्षण की गुणवत्ता तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों एवं आरटीसी महिला प्रशिक्षुओं के टर्नआउट, वर्दी की स्वच्छता, अनुशासन, कदमताल, ड्रिल, शारीरिक दक्षता, शस्त्र संचालन एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण और अनुशासन ही पुलिस बल की कार्यक्षमता की आधारशिला हैं।

परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की पहचान उसके अनुशासन, तत्परता, शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और व्यवहारिक दक्षता से होती है। नियमित परेड एवं प्रशिक्षण से पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रभावी ढंग से कार्य करने में सक्षम बनते हैं।

इसके उपरांत उन्होंने क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन के साथ परिवहन शाखा, डायल-112 वाहनों, आरटीसी प्रशिक्षण व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, उपलब्ध संसाधनों एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को संसाधनों के समुचित रखरखाव, अभिलेखों के नियमित अद्यतन, वाहनों के बेहतर अनुरक्षण तथा पुलिस लाइन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस को अधिक अनुशासित, दक्ष, उत्तरदायी एवं जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड, प्रशिक्षण एवं निरीक्षण की कार्यवाही नियमित रूप से जारी रहेगी।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments